द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक और जेबीसी हाई स्कूल के प्राचार्य सह आदिवासी साहित्यकार सुशील मरांडी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, छात्रों और शिक्षकों में गहरा आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने विद्यालय के सामने मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के अनुसार, सुशील मरांडी एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों और स्कूल समुदाय ने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर लगाया जाए और सड़क किनारे के अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्पीड ब्रेकर की अनुपस्थिति और अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में अक्सर हादसे होते हैं। इस पर जामताड़ा सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार मंडल ने बताया कि लोगों की मांग पर तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर लगाया गया है, और जल्द ही सड़क किनारे की दुकानों को हटाने के लिए संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा।