द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: राजधानी रांची स्थित फिरायालाल पब्लिक स्कूल (Firayalal Public School) में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के सहयोग से सेवानिवृत्ति (Retirement) योजना पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सुविचारित एवं समयबद्ध सेवानिवृत्ति योजना के महत्व के प्रति जागरूक करना था। सत्र के संसाधन व्यक्ति प्रो. (डॉ.) रमन बल्लभ ने वित्तीय सुरक्षा (Financial Security) सुनिश्चित करने तथा सेवानिवृत्ति के बाद सुखद एवं सम्मानजनक जीवन के लिए वित्तीय तैयारी, व्यवस्थित बचत, निवेश योजना और सूझ-बूझ के साथ वित्तीय निर्णय लेने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

सेवानिवृत्ति योजना केवल पेशेवर जीवन के समापन की तैयारी नहीं
सेवानिवृत्ति योजना (Retirement Planning) पर जागरूकता सत्र के दौरान प्रतिभागियों को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय रहते योजना बनाने, उपलब्ध विभिन्न वित्तीय साधनों को समझने तथा अपने वित्तीय संसाधनों के प्रबंधन में अनुशासित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सत्र का समापन इस महत्वपूर्ण संदेश के साथ हुआ कि सेवानिवृत्ति योजना केवल पेशेवर जीवन (Professional life) के समापन की तैयारी नहीं है, बल्कि उसके बाद सम्मान, आत्मनिर्भरता और मानसिक शांति से भरपूर जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
