द फॉलोअप डेस्क
नगर पालिका चुनाव प्रणाली के तहत सिमडेगा नगर परिषद में नगर सरकार बनाने की प्रक्रिया 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शुरू होगी। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित सिमडेगा कॉलेज में बने डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र के 37 मतदान केंद्रों में मतदान होगा। इससे पहले रविवार को डिस्पैच सेंटर में मतदान कर्मियों के बीच सभी चुनावी सामग्री का वितरण किया गया। उन्हें मतदान संचालन के लिए आवश्यक सामान सूची के साथ सुपुर्द किया गया, जिसमें मतपेटिका और निर्धारित भत्ते भी शामिल थे। सामग्री मिलने के बाद कर्मियों ने सूची के अनुसार सभी सामानों की जांच की।
सभी मतदान कर्मी पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने-अपने निर्धारित क्लस्टर के लिए रवाना हुए। शनिवार को वे सुबह मतदान केंद्र में पहुँचकर 7 बजे से पूर्व सभी तैयारी पूरी करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। डिस्पैच सेंटर में सुबह ही काफी भीड़ रही। मतदान कर्मियों के बीच सामग्री और मतपेटिका वितरण के लिए टेंट लगाए गए थे और उन्हें अलग-अलग कमरे में बैठाकर चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। डीसी सिमडेगा कंचन सिंह और एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। मतदान प्रक्रिया के लिए उन्हें मतपेटिका, वोटिंग कंपार्टमेंट, मतदाता सूची, पीठासीन पदाधिकारी की हस्तपुस्तिका, दिव्यांग मतदाताओं की सूची, मतदान समय प्रारंभ और समाप्ति की घोषणा प्रपत्र, अमिट स्याही, कार्बन, सुई, दिया-सलाई, शालू कपड़ा, सुतली, जूट का बोरा, साइनबोर्ड, रूट चार्ट, कार्डबोर्ड, पैकिंग पेपर, मतदान अभिकर्ता नियुक्ति प्रपत्र आदि सामग्री प्रदान की गई। डीसी और एसपी ने कहा कि किसी भी जानकारी या आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क किया जाए। मतदान दिवस के दिन बूथ पर समय पर पहुँचने और क्लस्टर से एक साथ रिसीविंग सेंटर लौटने का निर्देश दिया गया। दोनों अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निर्वाचन कार्य की शुभकामनाएं दीं।
