रांची
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 का चुनाव 13 सितंबर को राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में होगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को चैंबर भवन में चुनाव समिति द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। चुनाव समिति के को-चेयरमेन पवन शर्मा ने बताया कि चुनाव में फेडरेशन के 21 कार्यकारिणी सदस्यों एवं 3 प्रमंडलों में क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चयन के लिए कुल 4214 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। फेडरेशन से कुल 81 सम्बद्ध संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने प्रमंडलवार मतदाताओं की जानकारी देते हुए बताया कि कोल्हान में 115, कोयलांचल में 149, उतरी छोटानागपुर में 97, पलामू में 100, संथाल परगना में 68 तथा दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में 59 मतदाता हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चुनावी प्रक्रिया में वही सदस्य भाग ले सकेंगे जिनका वित्तीय वर्ष 2026-27 का सदस्यता शुल्क बकाया नहीं है। उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे चुनाव से पूर्व अपने सदस्यता शुल्क का भुगतान सुनिश्चित कर लें। सदस्यों की सुविधा के लिए मतदान स्थल पर भी शुल्क भुगतान के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी।
.jpeg)
काउंटर नंबर मतदान से पूर्व ही सदस्यों को एसएमएस के माध्यम से भेज दिया जाएगा
चुनावी प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कंप्यूटर द्वारा जारी मतदाता क्रमांक एवं काउंटर नंबर मतदान से पूर्व ही सदस्यों को एसएमएस के माध्यम से भेज दिया जाएगा, जिससे मतदान के दिन वोटिंग स्लिप खोजने में सदस्यों को परेशानी न हो। वोटिंग स्लिप के साथ फूड कूपन भी उपलब्ध कराया जाएगा। मतदान क्षेत्र में कुल 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। मतदान के लिए लगाए गए सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था की गई है कि मतदाता 21 से कम अथवा 21 से अधिक उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सकेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए कंप्यूटर स्क्रीन पर उम्मीदवारों के नाम के साथ उनकी फोटो भी प्रदर्शित होगी, ताकि मतदाता उम्मीदवार की पहचान कर अपने पसंदीदा प्रत्याशी को मतदान कर सकें। मतदान के बाद सदस्य दिगंबर जैन भवन में भोजन की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

व्यवसायी समाज में उत्साह का माहौल
मतदान के दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसको ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे यथासंभव टू-व्हीलर अथवा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। चुनाव चेयरमेन अंचल किंगर ने कहा कि फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स की प्रतिनिधि संस्था है। फेडरेशन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से राज्य के करीब 10 लाख व्यापारी एवं व्यवसायी वर्ग जुड़े हुए हैं। ऐसे में फेडरेशन के चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश के व्यवसायी समाज में उत्साह का माहौल है। चुनाव समिति पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि फेडरेशन की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को चैंबर भवन में आयोजित होगी। इसके अगले दिन, 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में फेडरेशन के नए सत्र की कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चुनाव होगा। चुनाव समिति के सदस्य ललित केडिया ने भी प्रेस वार्ता के दौरान चुनावी प्रक्रिया एवं तैयारियों से संबंधित जानकारी साझा की। प्रेस वार्ता में फेडरेशन अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा भी उपस्थित थे।