logo

झारखंड में प्री-मानसून का असर, कहीं बारिश तो कहीं सताएगी उमस और गर्मी

mausam_garmi_and_barish.jpg

रांची
झारखंड में आज उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, लोहरदगा और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान सामान्य से कम रहने के कारण इन जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है. दूसरी ओर, गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में गर्म हवाओं और तेज धूप का असर बना रह सकता है. हालांकि, बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दोपहर के समय हीटवेव जैसी स्थिति महसूस होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार रांची, गुमला, खूंटी और सिमडेगा जैसे दक्षिणी एवं पठारी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहने की संभावना है. रांची का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
हाल के दिनों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा है, जहां तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. पिछले कुछ दिनों से सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के कारण झारखंड के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में आज बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है. कुछ जिलों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पठारी इलाकों में लोगों को अपेक्षाकृत राहत मिलेगी.

रांची मौसम केंद्र ने धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और रांची समेत उत्तर-पूर्वी एवं मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. इसके अलावा धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और बोकारो जिलों में स्थानीय स्तर पर तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ तूफानी परिस्थितियां बनने की आशंका है. रांची मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

 

Tags - Jharkhand Weather news Weather updates Jharkhand Pree Monsoon in Jharkhand pree Monsoon in Jharkhand Latest Weather news