दुमका:
झारखंड राज्य पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शिकारीपाड़ा के प्रकाश साहा ने पहला स्थान हासिल किया है। बता दें कि प्रकाश साहा मूल रूप से दुमका जिला के शिकारीपाड़ा प्रखंड स्थित ढाका गांव के रहने वाले हैं। प्रकाश संत रीता मध्य विद्यालय (शिकारीपाड़ा) में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। बता दें कि दिव्यांग होने के बावजूद प्रकाश ने हौसला नहीं खोया।

सहायक शिक्षक हैं प्रकाश साहा
सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत प्रकाश साहा ने 21वां झारखंड राज्य पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2022 में हिस्सा लिया। ये 2 दिवसीय खेल प्रतियोगिता थी। प्रतियोगिता का आयोजन देवघर के कमलकांत नरौने स्टेडियम में किया गया था। प्रकाश साहा ने इसमें टी-44 कैटेगरी की 100 और 200 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया था और स्वर्ण पदक जीता।

द फॉलोअप से वार्ता में क्या कुछ बताया!
सोमवार को द फॉलोअप संवाददाता से बातचीत में प्रकाश साहा ने बताया कि वो ओडिशा में आयोजित 20वें राष्ट्रीय पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन 28-31 मार्च 2022 को किया जायेगा। प्रकाश ने कहा कि मुझे प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मैं पूरी ईमानदारी से अच्छा प्रदर्शन करूंगा।