द फॉलोअप डेस्क
स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस उपचुनाव को बिहार विधानसभा चुनाव के साथ कराने की संभावना जताई जा रही है। इस सीट पर झामुमू के सेटिंग विधायक थे और पार्टी रामदास सोरेन के बेटे सोमेश सोरेन को इस चुनावी मैदान में उतार सकती है।
हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और घाटशिला के तीन बार के पूर्व विधायक प्रदीप कुमार बालमुचू ने इस उपचुनाव में अपनी दावेदारी जताई थी। उन्होंने रांची से दिल्ली तक सक्रियता दिखाते हुए उपचुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने जल्द ही स्पष्ट कर दिया कि घाटशिला उपचुनाव में कांग्रेस झामुमो के प्रत्याशी का समर्थन करेगी। पार्टी ने एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे झामुमो के प्रत्याशी को जीताने में पूरी ताकत लगाएं और कांग्रेस के वोटरों से भी झामुमो के प्रत्याशी को वोट करने की अपील करें।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदीप बालमुचू ने कहा कि पार्टी ने जल्दबाजी की है और उपचुनाव की घोषणा नहीं हुई है, न ही किसी प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगी है। उन्होंने सुझाव दिया कि पार्टी को थोड़ा समय लेकर निर्णय लेना चाहिए ताकि संगठन पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़े। बालमुचू ने कहा, “मैं तीन बार विधायक रह चुका हूं, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष भी रहा हूं। मेरा मकसद चुनाव जीतना नहीं बल्कि संगठन को मजबूत करना है। झामुमो के लिए भी यही बात लागू होती है कि जहां कांग्रेस के विधायक होंगे वहां झामुमो का भी संगठन कमजोर होगा। इसलिए उचित समय पर उचित फैसला लेना चाहिए जो मजबूत असर डालता है।
