logo

बकरी का कराना पड़ा पोस्टमार्टम, पड़ोसियों पर जहर देकर मारने का आरोप

बकरी का कराना पड़ा पोस्टमार्टम, पड़ोसियों पर जहर देकर मारने का आरोप

द फॉलोअप डेस्कः
दुमका शहर के दुधानी मोहल्ले में एक बकरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जिसके बाद बकरी के मालिक मोहम्मद अंसारी गुरुवार को सीधे नगर थाना पहुंचे और अपने पड़ोस के लोगों पर बकरी की हत्या करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही वह बकरी के शव का पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़ गए। नगर थाना की पुलिस ने बकरी के शव को पशुपालन विभाग भेज दिया। यहां से रेफरल अस्पताल के कर्मियों ने जिला गव्य विभाग भेज दिया। जिला गव्य विभाग के आउटडोर में मृत बकरी का पोस्टमार्टम हुआ। जिसका रिपोर्ट दो से तीन दिनों के अंदर मिल जाएगा। 


बकरी की मालकिन ने थाने में की शिकायत
बकरी की मालकीन रीना खातून ने थाने में जो लिखित शिकायत दी है उसके अनुसार उनके पड़ोस में रहनेवाली महिला शबनम बीवी को मकान बनाने के लिए नगद 30 हजार रुपए कर्ज के रुप में दिए थे। जब भी वह कर्ज के रुपए वापस मांगने लगी तो शबनम और उसके परिजन विवाद करने लगे। रीना खातून का आरोप है कि शबनम और उसके घर के अन्य सदस्यों ने ही बकरी को मारा है। घटना से पहले उनके घर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने का भी आरोप लगाया है।


दुमका नगर थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि पड़ोस के कई लोगों पर बकरी को जहर देकर मार देने का आरोप लगाया गया है। मामले की आवश्यक जांच पड़ताल के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।