logo

झारखंड में आज बारिश की संभावना, कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी

झारखंड में आज बारिश की संभावना, कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के दक्षिणी और उससे सटे मध्य भागों में आज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार को राज्य के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी और गुमला जिले में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के अनुमान नहीं है। इसके बाद अगले 3 दिन में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। 


रांची में हल्की बारिश हो सकती है
मौसम विभाग के मुताबिक, आज रांची में आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रह सकता है। पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। कहीं-कहीं हल्के दर्जे का कोहरा देखा गया। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 30.5 डिग्री सेंटीग्रेड सरायकेला में रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस धनबाद में रहा। 


कोहरे को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। कहा है कि झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य एवं उत्तर-पूर्वी भागों में सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा देखा जा सकता है। जिन जिलों में कोहरा छाया रहेगा उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले शामिल हैं।