रांची:
झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ की अध्यक्ष सोनी पासवान, प्रदेश अध्यक्ष रजनी कुमारी और सचिव अंजनी कुमारी ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से दिल्ली में मुलाकात की। यहां पोषण सखियों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। संघ की अध्यक्ष सोनी पासवान ने कहा कि हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ है।

10,388 पोषण सखियां हो गईं बेरोजगार
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात के दौरान झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ की अध्यक्ष सोनी पासवान ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार के एक फैसले की वजह से 10, 388 पोषण सखियां बेरोजगार हो गईं। उनके परिवार पर आजीविका का संकट है। सोनी पासवान ने कहा कि चूंकि आप भी एक महिला हैं। हमारा दर्द बेहतर तरीके से महसूस कर सकती हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दिया मदद का आश्वासन
पोषण सखी सोनी पासवान ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि, हमें पूरी उम्मीद है कि आप 10 हजार महिलाओं को बेरोजगार नहीं होने देंगी। इनकी बातें सुनने के बाद स्मृति ईरानी ने कहा कि झारखंड में बहुत सारे पद खाली हैं। मैं विश्वास दिलाती हूं कि विभाग में पोषण सखियों का समायोजन किया जाएगा। पोषण सखियों का विश्वास नहीं टूटेगा।