धनबाद:
झारखंड राज्य अतिरिक्त आंगनबाड़ी सेविका सह पाेषण परामर्श पाेषण सखियाें काे पिछले 11 महीनाें से मानदेय भुगतान नहीं हुआ है। उनकी आर्थिक स्थिति बदहाल होती जा रही है। इसका असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है। धनबाद में पोषण सखी उर्मिला देवी के पति की दोनों किडनी खराब हो चुकी थी। उनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा था। पैसे के अभाव में समुचित इलाज नहीं हो सका, आज उन्होंने दम तोड़ दिया। पोषण सखी संघ ने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। यदि सरकार लंबित मानदेय का भुगतान कर देती तो पोषण सखी उर्मिला के पति की जान बचाई जा सकती थी।

संघ ने सरकार को बताया जिम्मेवार
झारखंड राज्य अतिरिक्त आंगनबाड़ी सेविका सह पाेषण परामर्श कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सोनी पासवान औरप्रदेश उप महासचिव शैबून निशा ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका सह पाेषण सखियाें काे गत 11 महीने से सरकार द्वारा मानदेय भुगतान नहीं किए जाने से आर्थिक स्थिति खराब हाे गई है। सरकारी अस्पताल में इलाज न करा कर उसका किसी अच्छे निजी अस्पताल में इलाज कराया जा सकता था। लेकिन पैसे के अभाव में उर्मिला के पति का इलाज नहीं हो सका, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। केंद्र और राज्य सरकार दोनों इस मौत की जिम्मेदार है।

मंत्री ने भुगतान का दिया था आश्वासन
बता दें कि पिछले दो माह पहले मानदेय भुगतान काे लेकर संघ ने जिले के सभी विधायक के आवास पर धरना देने के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय भूख हड़ताल किया था। झारखंड राज्य बाल विकास मंत्री जाेबा मांझी के साथ महासंघ की बातचीत भी हुई थी। मंत्री ने पाेषण सखी काे एक महीने के अंदर मानदेय का भुगतान करने का आशवासन दिया था। लेकिन दाे महीने बाद भी भुगतान नहीं किया है।