द फॉलोअप डेस्क :
दुमका में पोषण सखियों के बीच खुशी का माहौल है। झारखंड सरकार की ओर से उन्हें फिर से बहाल करने के फैसले के बाद शनिवार को दुमका जिला पोषण सखी संघ ने रैली निकाली और सरकार को धन्यवाद दिया।
करीब 2 हजार पोषण सखियों ने खिजुरिया स्थित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचकर स्थानीय विधायक बसंत सोरेन को मिठाई खिलाई और अबीर लगाया। साथ ही उन्होंने DJ के धुन पर पारंपरागत नृत्य कर खुशियां मनाई। पोषण सखी संघ की अध्यक्ष मानविला मुर्मू ने कहा कि सरकार का यह फैसला बहुत अच्छा है। हमारा जीवन अंधकार में जा रहा था, लेकिन अब फिर से रोशनी हो गई है। अब हम समाज की उन्नति के लिए बेहतर तरीके से काम करेंगे। सरकार ने हमलोगों के लिए सोचा और आर्थिक उन्नति में हमलोगों की मदद की है।
वहीं, स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि सरकार लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है, खास कर के महिलाओं को। हमारी प्राथमिकता है कि लोगों की आर्थिक उन्नति हो। वहीं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे झूठ बोलकर भ्रमित करने वाले हैं, वे बोलते कुछ हैं और करते कुछ हैं।
