धनबाद:
उसने महज़ पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म ही नहीं किया, बल्कि उसकी करतूत कहीं फ़ाश न हो जाए बच्ची की जान तक ले ली। शव को जंगल में फेक दिया। घटना 28 अप्रैल 2018 की है। चार साल बाद आज दोषी डब्लू मोदी को पॉक्सो की विशेष अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। साथ ही 11 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है।पॉक्सो के विशेष न्यायाधीश प्रभाकर सिंह की अदालत ने बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या और साक्ष्य छुपाने के मामले में डब्लू को दोषी करार दिया था।

दोषी डब्लू मोदी पुटकी का रहने वाला है। उसका बच्ची के परिवार से परिचय था। वह बच्ची को भोज खिलाने के बहाने ले गया था। लेकिन जब डब्लू लौटा तो बेटी को न देखकर घर वाले परेशान हो गए। पूछने पर अंजान बना रहा। जब खेजबीन की गई तो ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची को डब्लू जैतूडीह जंगल की ओर ले जा रहा था। जब बच्ची नहीं मिली तो पुटकी थाने में डब्लू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने जैतूडीह जंगल से बच्ची के शव को बरामद किया था।

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद एफएसएल और डीएनए जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला में कराई गई थी। जिसकी रिपोर्ट पॉक्सो स्पेशल कोर्ट में सौंपी गई थी। पॉक्सो स्पेशल कोर्ट के लोक अभियोजक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक अभियोजन पक्ष की ओर से कुल सात गवाह अदालत में पेश किए गए थे। उनके बयान और सभी जांच रिपोर्ट के आधार पर फैसला सुनाया गया है।