द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के गोपालपुर पंचायत सचिवालय में आयोजित आधार पंजीकरण शिविर में शुक्रवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। छोटे बच्चों के आधार नामांकन और आधार कार्ड में संशोधन के लिए लगाए गए विशेष शिविर में समय पर व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शिविर का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक था। हालांकि, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों को लेकर सुबह से ही पंचायत सचिवालय पहुंच गए थे। भीषण गर्मी और उमस के बीच महिलाएं और पुरुष घंटों तक बच्चों के साथ इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर तक आधार पंजीकरण का कार्य शुरू नहीं हो सका।

आधार ऑपरेटर का घंटो इंतजार करते रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि आधार ऑपरेटर निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे जिसके कारण कई घंटे तक लोग बिना किसी सूचना के इंतजार करते रहे। दोपहर बाद जब ऑपरेटर शिविर स्थल पर पहुंचे तो लोगों की भीड़ काफी बढ़ चुकी थी। इसी दौरान सीमित समय में सभी आवेदकों का काम पूरा नहीं हो पाने की बात सामने आने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विरोध जताया।
.jpeg)
देरी होने पर लोगों ने किया हंगामा
हंगामे की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आधार पंजीकरण कार्य से जुड़े कर्मी ने बताया कि उन्हें ड्यूटी को लेकर पहले अलग निर्देश मिले थे, जिसके कारण स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने इस स्पष्टीकरण पर असंतोष जताते हुए पूरे मामले की जांच की बात कही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिविर के लिए कर्मी की ड्यूटी पूर्व निर्धारित थी और समय पर उपस्थित नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। साथ ही निर्देश दिया गया कि शिविर में मौजूद सभी लोगों का कार्य पूरा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
गोपालपुर पंचायत के ग्रामीणों ने मांग की है कि बड़ी आबादी को देखते हुए पंचायत में पुनः विशेष आधार शिविर लगाया जाए, ताकि जिन बच्चों और लोगों का काम नहीं हो सका, उन्हें दोबारा अवसर मिल सके। ग्रामीणों ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।