नंदलाल तुरी
पाकुड़ के जुगीगाड़िया गांव से चोरी हुए ट्रैक्टर कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वादी राफिकुल अंसारी के लिखित आवेदन के आधार पर पाकुड़ (मु.) थाना में दर्ज मामले के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम जुगीगाड़िया में माझी हराम (ग्राम प्रधान) के स्थान पर खड़े ट्रैक्टर (पंजीकरण संख्या JH18F-7024) की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा कर ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्तचर तंत्र की सहायता से छापेमारी अभियान चलाया।
इसी क्रम में पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त अमिरूल इस्लाम उर्फ अमन इस्लाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए कांड में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसकी निशानदेही पर फरक्का थाना क्षेत्र अंतर्गत अधुवा दक्षिणपाड़ा से चोरी गया ट्रैक्टर एवं उसके साथ लगी ट्रॉली को बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त एक आदतन अपराधी है और पूर्व में भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। अभियुक्त द्वारा 4 दिसंबर को भी एक अन्य ट्रैक्टर की चोरी की गई थी, हालांकि उस ट्रैक्टर में जीपीएस लगे होने के कारण मालिक ने उसे स्वयं बरामद कर लिया था, जिस कारण उस मामले में कांड दर्ज नहीं हो सका था।
.jpeg)