logo

जयराम महतो के कथित अमर्यादित व्यवहार पर भड़का पुलिस एसोसिएशन, जामताड़ा IRB-01 भी समर्थन में उतरा

WhatsApp_Image_2026-08-31_at_3_08_45_PM.jpeg

जामताड़ा
डुमरी विधायक जयराम महतो के कथित अमर्यादित व्यवहार के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन का विरोध तेज होता जा रहा है। एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय द्वारा विधायक के खिलाफ आंदोलनात्मक निर्णय लिए जाने की घोषणा के बाद अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा आईआरबी-01, जामताड़ा के पुलिसकर्मी भी इसके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। शाखा ने विधायक के आचरण की कड़ी निंदा करते हुए केंद्रीय संगठन के हर फैसले का पुरजोर समर्थन करने का ऐलान किया है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्रीय एसोसिएशन के फैसले का समर्थन
​झारखंड पुलिस एसोसिएशन (शाखा आईआरबी-01, जामताड़ा) के अध्यक्ष नंद किशोर यादव और सचिव सुदेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। विज्ञप्ति के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात डुमरी विधायक ने अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए बरवाअड्डा थाना प्रभारी (पु०अ०नि०) रवि कुमार के साथ कथित तौर पर अभद्र व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें धमकी दी।
थाना परिसर पहुंचने और सामान क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप
​मामला यहीं नहीं रुका; आरोप है कि इसके बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना परिसर में पहुंचे। वहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में भी कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही, समर्थकों द्वारा टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर करने और नाम पट्टिका तोड़ने का आरोप भी लगाया गया है। इस पूरी घटना को लेकर बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा चुकी है।
पुलिसकर्मियों के सम्मान को ठेस पहुंचने का दावा
​एसोसिएशन का कहना है कि विधायक जयराम महतो द्वारा सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे पुलिस बल के सम्मान और आत्मसम्मान को भारी ठेस पहुंची है।
आंदोलन में केंद्रीय संगठन के साथ खड़ी रहेगी जामताड़ा इकाई
​पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि से समाज को मर्यादित और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा होती है। विधायक के इस रवैये से पुलिसकर्मियों के बीच गहरा आक्रोश और मानसिक पीड़ा है। आईआरबी-01 जामताड़ा के सदस्यों ने एकजुट होकर कहा कि केंद्रीय एसोसिएशन जो भी आंदोलनात्मक कदम उठाएगा, जामताड़ा इकाई उसका पूरा समर्थन करेगी।

Tags - Jayram Mahto Jharkhand Police Association Jamtara Barwadda Police Station Police Protest