नंदलाल तुरी
पाकुड़ नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और बैंक से मोटी रकम निकासी के बाद लोगों से पैसे छीनने की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में पाकुड़ नगर थाना परिसर में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय सभी बैंक पदाधिकारी एवं कर्मी, सीएसपी संचालक, पेट्रोल पंप संचालक और ज्वेलरी दुकानदार शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता नगर थाना के एसआई सह थाना प्रभारी बबलू कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने आम जनता और संस्थानों की सुरक्षा को लेकर उपस्थित सभी लोगों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि बढ़ते अपराध को रोकने के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बबलू कुमार ने निर्देश दिया कि सभी बैंक, सीएसपी केंद्र, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानदार अपने-अपने संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और निजी सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा जारी सभी सुरक्षा संबंधी गाइडलाइन का पूरी तरह से अनुपालन किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि किसी ग्राहक द्वारा बड़ी रकम का लेन-देन किया जाता है, तो इसकी सूचना पूर्व में पुलिस को दी जाए, ताकि आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि बैंक से अधिक नकद निकासी करने या ज्वेलरी की बड़ी खरीदारी के दौरान पुलिस का सहयोग अवश्य लें। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेगी। बैठक के माध्यम से अपराध पर अंकुश लगाने और नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
