logo

मिहिजाम-चित्तरंजन में पुलिस का एक्शन, 24 घंटे में स्नैचर और वाहन चोर दोनों गिरफ्तार

jamtara_crime_news.jpg

जामताड़ा
झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित मिहिजाम और चित्तरंजन रेल नगरी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर छिनतई और वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा किया. इस अभियान में मिहिजाम पुलिस, उनके विशेष दस्ते ‘मोबाइल टाइगर’ और आरपीएफ की टीम ने मिलकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई. पहली घटना 19 मई की शाम की है. चित्तरंजन रेल नगरी के आर-7 बाजार से सटे 38 नंबर रोड पर 60 वर्षीय रीता देवी दूध लेकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान पैदल आए दो युवकों ने उनके गले से सोने का हार झपट लिया और मौके से फरार हो गए. आमतौर पर बाइक से होने वाली ऐसी घटनाओं में अपराधियों का पैदल होना पुलिस के लिए भी चौंकाने वाला था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्तरंजन पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान मिहिजाम पुलिस के खुफिया नेटवर्क से महत्वपूर्ण जानकारी मिली. इसके आधार पर चित्तरंजन पुलिस ने मिहिजाम पुलिस के सहयोग से कानगोई निवासी 26 वर्षीय अरुण प्रसाद के घर पर छापेमारी की. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया. उसने पुलिस से बचने के लिए सोने का हार अपने घर में रखे गोयठे (उपले) के ढेर में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

दूसरी घटना कस्तूरबा गांधी अस्पताल परिसर में हुई वाहन चोरी से जुड़ी है. मिहिजाम निवासी हरीश हांसदा साइकिल से चित्तरंजन पहुंचा था. उसने अस्पताल परिसर में अपनी साइकिल खड़ी की और वहां मौजूद रेलकर्मी बासुदेव घोष की मोपेड चोरी कर ली. चोरी के बाद आरोपी ने मोपेड को स्ट्रीट नंबर 43ए और कुर्मीपाड़ा के बीच घनी झाड़ियों में छिपा दिया. इसके बाद वह पैदल वापस अस्पताल पहुंचा, अपनी साइकिल उठाई और मिहिजाम बॉर्डर की ओर निकल गया.
इसी दौरान आरपीएफ कंट्रोल से मिहिजाम पुलिस को सूचना मिली. अलर्ट मिलते ही मोबाइल टाइगर के जवानों ने बॉर्डर इलाके में नाकेबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध एक नंबर गेट के पास से मिहिजाम की ओर भागने की कोशिश करने लगा, वहां तैनात मिहिजाम पुलिस, मोबाइल टाइगर और आरपीएफ एसआईबी चित्तरंजन की टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया. आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से चोरी की गई मोपेड भी बरामद कर ली गई. इस अभियान में चित्तरंजन थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली, आरपीएफ के एएससी, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र मीणा और एएसआई शंकर राय की अहम भूमिका रही. मिहिजाम-चित्तरंजन सीमा क्षेत्र में लंबे समय बाद सुरक्षा बलों की इतनी तेज और समन्वित कार्रवाई देखने को मिली, जिसकी स्थानीय लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं.

 

Tags - Mihijam police action Mobile Tiger police team Jharkhand West Bengal border crime RPF joint operation Chittaranjan railway town news