द फॉलोअप डेस्कः
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में भगदड़ की स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए महाकुंभ भगदड़ हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए इसे दुखद घटना कहा है। पीएम ने पोस्ट कर लिखा, "प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"

प्रधानमंत्री के साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,'' प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं हताहत हुए श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र ही स्वस्थ हों।''
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह से उनसे चार बार बात कर चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी उनसे बात कर हालात का जायजा लिया है।
प्रयागराज में कुंभ मेले में बुधवार की रात तक़रीबन डेढ़ बजे एक घाट पर भगदड़ मची, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत आशंका है। इस हादसे में कई लोग ज़ख़्मी भी हुए हैं।हालांकि यूपी सरकार ने मौतों की बात मंजूर नहीं की है।