गिरिडीह
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा। इस दौरान पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर को अपने-अपने घरों में दीप जलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से लेकर अगले एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए पार्टी स्तर पर कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

जांच एजेंसी पर भी सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने JSSC मामले को लेकर राज्य सरकार और जांच एजेंसी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले की जांच कर रही CID कई महत्वपूर्ण तथ्यों को सामने नहीं ला रही है और कुछ बातों को छुपाया जा रहा है। मरांडी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों से जुड़े इस मामले में पूरी सच्चाई सामने आना जरूरी है। सरकार को किसी भी तरह की जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने JSSC प्रकरण की CBI जांच की मांग करते हुए कहा कि इससे पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो पाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबूलाल मरांडी ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
.jpeg)
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें