जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित PM आवास योजना (शहरी) की निर्माणाधीन इमारत की नौवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। मृतक की पहचान बिरसानगर निवासी सचिन के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, सचिन अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए निर्माणाधीन फ्लैट परिसर में गया था। खेलते-खेलते वह नौवीं मंजिल पर पहुंच गया, जहां अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल सचिन को परिजन आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सचिन के पिता सिविल मिस्त्री का काम करते हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये हैं। लोगों का आरोप है कि PM आवास योजना के इस निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी इसी परिसर में एक बच्चे की गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है।
