logo

राजनीति में शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों को बनाए रखनी चाहिए शुचिता- देवशरण भगत

राजनीति में शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों को बनाए रखनी चाहिए शुचिता- देवशरण भगत

द फॉलोअप डेस्क

माननीय न्यायालय के निर्णय का सम्मान करना हर नागरिक का मूल कर्तव्य है। यह कोई पहला केस नहीं है, जहां किसी सांसद या विधायक की सदस्यता गई है। हमारे विधायक एवं झारखंड आंदोलनकारी स्व. कमलकिशोर भगत जी को भी अपनी सदस्यता गंवानी पड़ी थी। ये बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने 25 मार्च शनिवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जो निर्णय आया है, वे वैधानिक हैं। इसे स्वीकार करना होगा। नियम-कानून, संविधान के दायरे में आम नागरिक और जनप्रतिनिधि भी आते हैं। ऐसे में इस मामले में राजनीतिकरण करने की बजाए इस फैसले को मानना होगा। वैसे भी अपने शासनकाल में बनाए कानून से ही राहुल गांधी की सदस्यता पर यह हालात उत्पन्न हुए हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि राजनीति में शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों को शुचिता बनाए रखनी चाहिए। उम्मीद की जाती है कि वे सामाजिक रूप से ऐसी टिप्पणी ना करें जिससे किसी वर्ग-समाज की भावना आहत हो।

यह भी पढ़ें: ईडी ने मनी लाउंड्रिंग मामले में फरार दाहू यादव के परिवार को बनाया आरोपी, पिता को किया गिरफ्तार

सुदेश महतो की अध्यक्षता में होगी बैठक

इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर में आजसू की क्रेंद्रीय समिति की होनी वाली बैठक और आजसू पार्टीके कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को जमशेदपुर स्थित गोल्डन लीफ रिसॉर्ट, पारडीह में पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में होगी। जिसमें मुख्य रुप से केंद्रीय समिति के सभी सदस्य तथा आमंत्रित सदस्य, विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं महासचिव, जिला प्रभारी, अनुषंगी इकाई के प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख एवं उपप्रमुख मौजूद रहेंगे।

राज्य की जनता एवं युवाओं की मांगों को मिलेगा बल

बैठक में केंद्रीय महाधिवेशन, जन पंचायत एवं अन्य भावी कार्यक्रमों सहित कई अन्य विषयों पर चर्चा होगी। इस दौरान राज्य की अस्मिता एवं पहचान से जुड़े विषयों तथा ज्वलंत मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जायेगी। बैठक में कई ऐसे कार्यक्रम घोषित किए जाएंगे, जिससे ना सिर्फ आजसू पार्टी बल्कि झारखंड की मौजूदा जरुरतों तथा राज्य की जनता एवं युवाओं की मांगों को बल मिलेगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT