द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मरीज की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए मामले में दावा किया गया कि पैर फ्रैक्चर होने पर मरीज को राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई। आरोप है कि इलाज के नाम पर करीब 22 लाख रुपये का बिल बनाया गया और बाद में मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि लातेहार निवासी 18 वर्षीय युवक राजू कुमार रंजन का सड़क दुर्घटना में पैर टूट गया था। करीब 40 दिन पहले उसे राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसके पैर में इंफेक्शन हो गया। और अंततः उसकी मौत हो गई। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने उसके परिजनों को 22 लाख रुपये का बिल थमा दिया। इसके बाद राजू कुमार रंजन के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा माचाया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों व प्रबंधन की लापरवाही के कारण राजू की मौत हो गई। परिजनों के दवाब में राजू का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया है। ताकि मौत के कारणों का पता चल सके और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
.@DC_Ranchi तत्काल संज्ञान ले मामले की पूरी जांच करें। दोषी पाए जाने पर सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सूचना दें। https://t.co/MdtZ1Vil9M
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) July 4, 2026

इलाज में लापरवाही और भारी बिल का आरोप
परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद मरीज की दो से तीन दिनों तक ड्रेसिंग नहीं की गई, जिससे शरीर में संक्रमण फैल गया। उनका कहना है कि इलाज के नाम पर लाखों रुपये वसूले गए, लेकिन अंत में डॉक्टरों ने मरीज को बचा पाने में असमर्थता जताई। इस पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं और कार्रवाई की मांग की गई है।

मुख्यमंत्री ने DC को दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के उपायुक्त को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। अब पूरे मामले की जांच जिला प्रशासन की ओर से कराई जाएगी।