द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में मारपीट और छिनतई की वारदात को अंजाम देने वाले टेंपो चालक और उसके सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में चांडिल के कपाली निवासी शेख सुल्तान (34) और सरफराज अंसारी (31) शामिल हैं। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि वादी नंदलाल टाटानगर रेलवे स्टेशन से डिमना स्थित अपने घर जाने के लिए ऑटो में सवार हुआ था। इसी दौरान मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के पास टेंपो चालक और उसके सहयोगी ने चाकू दिखाकर नंदलाल को डराया, उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन व 500 रुपये नकद छीन लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन शेख सुल्तान के पास से बरामद किया, जबकि घटना में प्रयुक्त टेंपो सरफराज अंसारी के कब्जे से जब्त किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
