logo

जमशेदपुर में बाइक चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज से पहले तोड़ा दम

murder17.jpg

जमशेदपुर 

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह बस्ती की है। जहां बुधवार देर रात 27 वर्षीय रोहित मुंडा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गयी। मृतक सोपोडेरा का रहने वाला था। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेज दिया। हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय घर लेकर चले गए

जानकारी के अनुसार, रोहित मुंडा बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन उस वक्त मामला शांत हो गया। इसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गये। बताया जा रहा है कि देर रात बांधडीह बस्ती में दोबारा विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान कुछ युवकों ने रोहित को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल रोहित को परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय घर लेकर चले गए। परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद रोहित ने पानी भी पिया था, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घायल युवक को समय पर इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाने की बात की भी जांच की जा रही है।

चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट की

मृतक के साथी बजरंग ने आरोप लगाया है कि घटना के पीछे बाइक चोरी का शक मुख्य वजह थी। उसका कहना है कि पार्टी के बाद एक युवक की बाइक रोहित अपने घर ले आया था। इसी बात को लेकर कुछ युवकों ने उसे चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट की। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इधर, मृतक के परिजनों ने बांधडीह के सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपियों का खुलासा किया जायेगा।

Tags - Assault Youth Murder Police Investigation Violent Clash