द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुक से रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की ट्रैप टीम ने हुवाग पंचायत के पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह को ₹2500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में ग्राम हुवाग निवासी मो. अलीजान अंसारी ने एसीबी हजारीबाग कार्यालय में आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया था कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है, जिसका सैंक्शन नंबर JH16017/3/1204 है। अन्य लाभुकों को प्रथम किस्त का भुगतान हो चुका है, लेकिन उनसे रिश्वत की मांग के कारण अब तक एक भी किस्त नहीं मिली है।.jpg)
आवेदक के अनुसार, जब उन्होंने पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह से पहली किस्त के भुगतान को लेकर संपर्क किया तो सचिव ने ₹10,000 रिश्वत की मांग की और कहा कि पैसा दिए बिना किस्त का भुगतान नहीं होगा। आवेदक रिश्वत देना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने एसीबी से शिकायत की।
शिकायत के बाद एसीबी द्वारा मामले का विधिवत सत्यापन कराया गया, जिसमें ₹5000 रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। बाद में ₹2500 दो किस्तों में देने पर सहमति बनी। सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर एसीबी हजारीबाग थाना कांड संख्या 14/2025, दिनांक 22 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया।
इसके बाद एसीबी हजारीबाग के दंडाधिकारी एवं दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में गठित ट्रैप टीम ने मंगलवार को पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह को पहली किस्त के रूप में ₹2500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।