द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में एक युवक की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सहदेवा निवासी प्रभात कुमार मेहता के रूप में हुई है, जो 24 जुलाई से लापता था। परिजनों ने पहले ही उसके अपहरण की आशंका जताते हुए थाना में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार शाम पांडेपुरा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से उसका शव बरामद किया।

दोस्त के साथ गया था, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार प्रभात कुमार मेहता अपने एक करीबी दोस्त के साथ लेस्लीगंज इलाके में गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पुलिस मामले की जांच और उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पांडेपुरा से शव बरामद किया, जिसकी पहचान प्रभात के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में शव को तेजाब जैसी किसी चीज से जलाकर पहचान मिटाने का प्रयास किए जाने की आशंका भी सामने आई है।

करीबी दोस्त पर हत्या का आरोप
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि युवक की हत्या की पुष्टि हुई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि मृतक के करीबी दोस्त पर ही हत्या का आरोप है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।