logo

पलामू : रेहला में विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव; 4 जवान घायल

रेहला में विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव; 4 जवान घायल

पलामू: 
Plamu News: पलामू: रेहला थाना क्षेत्र में काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों से पथराव कर दिया। इस घटना में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। झड़प में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

रकसाहा में लक्ष्मी पूजा के दौरान विवाद, पुलिस पर पथराव
रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में सोमवार की रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच झड़प होने लगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायरिंग की। पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।

थाना प्रभारी ने की घटना की पुष्टि, FIR दर्ज
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो गुटों के बीच झड़प हो रही थी। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें चार जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस जांच में जुटी है। फिलहाल रकसाहा में स्थिति शांतिपूर्ण है। एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे इलाके में निगरानी रख रही है। विवाद शांत होने के बाद प्रतिमा का विसर्जन भी किया गया। हालांकि, घायल ग्रामीणों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत
इधर, सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान भी दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि गांव में एक पक्ष पहले से काली पूजा का आयोजन करता रहा है, जबकि इस बार दूसरे पक्ष ने पहली बार पूजा का आयोजन किया था। डीजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मारपीट होने लगी।पहली बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने प्रतिमा का विसर्जन कर दिया था। वहीं, पुराने पूजा आयोजक पक्ष के लोग विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई और पथराव शुरू हो गया।

बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव, दो वाहन क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सतबरवा थाना क्षेत्र की इस घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस कार्रवाई में जुटी है।दोनों घटनाओं के बाद पलामू पुलिस एहतियात बरत रही है। पुलिस की ओर से विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Palamu violence Rehla clash Satbarwa dispute Jharkhand news police stone pelting