logo

भाई को राखी बांधने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत

NAVA.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू में भाई को राखी बांधने मायके जा रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में घायल उसके पति की हालत गंभीर बनी हुई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदाग की रहने वाली आरती देवी अपने पति रंगीला सिंह के साथ शुक्रवार को बाइक से भाई को राखी बांधने मायके जा रही थी। आरती देवी का मायका बरवाडीह क्षेत्र में है। इसी दौरान नावाबाजार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-139 पर उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई।

हादसे में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल

अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
दुर्घटना में रंगीला सिंह और उनकी पत्नी आरती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आरती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति रंगीला सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद परिजनों में मातम
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि सड़क हादसे में आरती देवी नामक महिला की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरती के भाई भी अस्पताल पहुंचे। बता दें कि गुरुवार को भी पलामू में कई सड़क हादसे हुए थे और 24 घंटे के अंदर पांच लोगों की मौत हुई थी।

Tags - Palamu Road Accident Raksha Bandhan Arti Devi Rangila Singh Chhatarpur