logo

विनीत तिवारी हत्याकांड : वारदात के 5वें दिन भी पलामू पुलिस के हाथ खाली, घरवाले मांग रहे 'न्याय'

a3218.jpg

पलामू:

पलामू के बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में वारदात के 5वें दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पलामू सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत जोरकट में रेडमा निवासी कारोबारी विनीत तिवारी की नग्न लाश मिली थी। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्या काफी बेरहमी से की गई होगी। आरंभिक जांच में यह सामने आया है कि वारदात को सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। विनीत को पहले किडनैप किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की छानबीन जारी है। 

पलामू में दहशत और आक्रोश का मिश्रित भाव
विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर पलामू में स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का मिश्रित भाव है। विनीत तिवारी हत्याकांड के विरोध में शहरवासियों ने कैंडल मार्च निकाला जिसमें परिवार के लोग भी शामिल हुए। लोगों की मांग है कि इस वारदात में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी हो और पुलिस वजहों का खुलासा करे। पुलिस, फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी है। एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित एसआईटी घटना के विभिन्न पहलुओं पर छानबीन आगे बढ़ा रही है। 

पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है
पुलिस, विनीत तिवारी के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इससे मौत की वजह स्पष्ट होगी और जांच को भी सही दिशा मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस बीच मृतक विनीत तिवारी के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता की मांग है कि दोषियों को फांसी की सजा मिले। 


 

Tags - Vineet Tiwari Murder CaseVineet Tiwari MurderVineet Tiwari Murder Case UpdatePalamuJharkhand News