logo

पलामू पुलिस ने बरामद किए 97 गुम मोबाइल, धारकों को लौटाए

पलामू पुलिस ने बरामद किए 97 गुम मोबाइल, धारकों को लौटाए

द फॉलोअप डेस्क:

पलामू पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 97 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल का इस्तेमाल किया गया। तकनीकी विश्लेषण और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पलामू जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 97 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पलामू पुलिस ने लौटाई लोगों के मोबाइल फोन

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन पिछले दो महीनों के दौरान गुम हुए थे, जबकि कुछ मोबाइल इससे पहले गुम हुए थे। सभी मोबाइल फोन के वास्तविक धारकों का सत्यापन करने के बाद उन्हें विधिवत वापस सौंप दिया गया। थानावार बरामदगी की बात करें तो लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा नावाजयपुर से 11, शहर थाना से 10, पिपरा और छतरपुर से 9-9, रेहला से 8, हरिहरगंज, नौडीहा बाजार और मनातू से 5-5 मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं, चैनपुर, तरहसी और पड़वा से 4-4, रामगढ़, सतबरवा और ऊंटारी रोड से 2-2 तथा पाटन और सदर थाना क्षेत्र से 1-1 मोबाइल फोन बरामद किया गया।

लोगों ने जताया पुलिस के प्रति आभार

मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद उनके वास्तविक धारकों ने पलामू पुलिस के प्रति आभार जताया और पुलिस की इस पहल की सराहना की। पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें। साथ ही, आवश्यकतानुसार CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने और ट्रेस करने की प्रक्रिया पूरी करें। पुलिस ने लोगों से मोबाइल का IMEI नंबर, बिल या रसीद समेत जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की भी अपील की है। फिलहाल, 97 मोबाइल फोन की बरामदगी और सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंपे जाने से लोगों को राहत मिली है।
 

Tags - Palamu Police Palamu mobile recovery 97 lost mobile phones recovered lost mobile phone recovery stolen mobile phone recovery