logo

पलामू में चोरी के गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी बरामद

पलामू में चोरी के गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी बरामद

द फॉलोअप डेस्क:

पुलिस की पूछताछ में गिरोह की रेकी करने का एक अलग तरीका भी सामने आया है। आरोपी घर-घर जाकर लोगों से धार्मिक और वास्तु से जुड़ी बातें करते थे। कई जगहों पर वे यह कहते थे कि गाय की हत्या हो गई है, जिसकी क्षमा और पिंडदान के लिए उन्हें बनारस जाना है। रेकी करने के बाद आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना देते थे। इसके बाद रात के समय बंद घरों को निशाना बनाकर दरवाजे या खिड़कियां तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। दरअसल, पलामू पुलिस ने शहर थाना कांड संख्या 315/2026 का उद्भेदन करते हुए अंतरजिला गृहभेदन और चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ घरों के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं। दरअसल, 28 अगस्त 2026 को सदुना, गायत्री मंदिर रोड निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में शहर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

ओडिशा से डालमियानगर तक पुलिस की छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस टीम ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर पहुंची, जहां से तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पलामू और गढ़वा जिले के अलग-अलग इलाकों में बंद घरों की दिन के समय रेकी करने और रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य चोरी के दौरान नकद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को रोहतास जिले के डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स में बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस ने डालमियानगर से दो अन्य आरोपियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग तारीखों पर हुई चोरी की कई घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई।

सोना-चांदी के आभूषण और चोरी के औजार बरामद

पुलिस ने प्रमोद ज्वेलर्स से लगभग 45 ग्राम सोना, माला और लॉकेट सहित करीब 80 ग्राम सोने जैसे आभूषण तथा लगभग 7.8 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा दरवाजे और खिड़कियां काटने या तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत कई औजार भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, अरविंद खेरवार, राजू कुमार और राज कुमार शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी झारखंड के सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य का संबंध बिहार के रोहतास जिले से है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों तथा सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत क्राइम कंट्रोल विंग और शहर थाना की टीम शामिल रही।
 

Tags - Palamu theft case Palamu police Palamu robbery gang Palamu house burglary five arrested in Palamu