द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के नावागढ़ में नाबालिग लड़की का शव उसके घर के परिसर में बने कुएं से बरामद होने के बाद पुलिस ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। परिजनों ने मंगलवार देर शाम लड़की के लापता होने की सूचना ऊंटारी रोड थाना में दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए लड़की के कथित प्रेमी से भी पूछताछ की थी। इसी बीच बुधवार को घर की दहलीज पर स्थित कुएं से ही नाबालिग का शव बरामद हो गया। बताया गया है कि लड़की मोबाइल फोन पर एक लड़के से बात करती थी और परिवार के लोगों को इसकी जानकारी थी। इस बात को लेकर परिजनों ने पहले भी उसके साथ मारपीट की थी।
.jpeg)
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
