logo

पलामू में 10 साल बाद उफान पर कोयल नदी, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी; प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

Screenshot_2026-08-14_142118.jpg

पलामू 
पलामू जिले के ऊपरी इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शुक्रवार सुबह कोयल नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। करीब 10 साल बाद नदी इस तरह उफान पर है और जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का पानी मेदिनीनगर के कई निचले इलाकों में घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है।
निचले इलाकों में घुसा नदी का पानी
कोयल नदी का पानी मेदिनीनगर के कांदु मोहल्ला, गिरवर स्कूल रोड, शिवाला घाट, मुस्लिम नगर और पहाड़ी मोहल्ला जैसे निचले इलाकों में घुस गया है। कई घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं, कोयल रिवर फ्रंट का पूरा हिस्सा भी जलमग्न हो गया है। नदी किनारे बनी सीढ़ियां भी पानी में डूब गई हैं।
सुबह अचानक तेजी से बढ़ा जलस्तर
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे तक कोयल नदी का जलस्तर सामान्य था। इसके बाद 3:30 से 4 बजे के बीच अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते नदी का पानी आसपास के निचले इलाकों में फैल गया और कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है। पुलिस की ओर से माइकिंग कर लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। नदी किनारे गोताखोरों और मजिस्ट्रेट की टीमें तैनात कर दी गई हैं। वहीं, निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
ऊपरी जिलों में बारिश का असर
पलामू की जीवनरेखा मानी जाने वाली कोयल नदी करीब एक दशक बाद इस तरह उफान पर आई है। बताया जा रहा है कि लातेहार, गुमला और लोहरदगा समेत ऊपरी जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा है।
बाढ़ की सूचना पर नदी किनारे जुटे लोग
इस बरसात के मौसम में शुरुआत में बारिश कम होने के कारण लोगों को अचानक इस तरह बाढ़ आने की उम्मीद नहीं थी। ऐसे में कई इलाकों के लोगों को संभलने का पर्याप्त समय भी नहीं मिल पाया। बाढ़ की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कोयल नदी के किनारे पहुंचने लगे। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के लिए नदी किनारे जाने से बचें।
 

Tags - Palamu Medininagar Koyal River Flood Alert Jharkhand News