logo

पलामू करमा विसर्जन हादसे पर CM हेमंत, बाबूलाल मरांडी और स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने जताया दुख

पलामू करमा विसर्जन हादसे पर CM हेमंत, बाबूलाल मरांडी और स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने जताया दुख

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में लोगों के नदी में डूबने की घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गहरी संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

बाबूलाल मरांडी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया में करमा पूजा विसर्जन के दौरान पांच बच्चों के डूबने की सूचना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह हृदयविदारक घटना बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। बाबूलाल मरांडी ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा और बचाव के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

विधानसभा अध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भी करम विसर्जन के दौरान हुए हादसे को अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी पूरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

Tags - Palamu Karma Festival Hemant Soren Babulal Marandi Jharkhand News