द फॉलोअप डेस्क
मेदिनीनगर के बाइपास रोड स्थित जेएमपी कॉम्प्लेक्स में गार्ड विनोद पांडेय की गोली मारकर हत्या के मामले का पलामू पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी, अनुभूति सिंह उर्फ उड़ी और गोल्डेन यादव को गिरफ्तार किया है। बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि हत्या बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद का बदला लेने की नीयत से की गई थी।
.jpeg)
बर्थडे पार्टी के विवाद का लिया बदला
एसपी ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 11 बजे जेएमपी कॉम्प्लेक्स में ड्यूटी पर तैनात गार्ड विनोद पांडेय के सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 16 जुलाई को जेएमपी कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक बर्थडे पार्टी के दौरान होटल के मैनेजर से उनका विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने गार्ड विनोद पांडेय को निशाना बनाया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

हथियार, कारतूस और स्कूटी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां तथा वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कूटी (JH03N-9652) बरामद की है। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पलामू जिले के विभिन्न थानों में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।