logo

पलामू में बंदूक साफ करते समय चली गोली, 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

वह्पो3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां की अवैध भरठुवा बंदूक की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से मौके पर ही मौत हो गई। गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।


घर में बैठकर कर रहे थे बंदूक की सफाई
परिजनों के अनुसार, श्याम लाल भुइयां अपने घर में बैठकर भरठुवा बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बंदूक से गोली चल गई और वह सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।


40 साल से रखी थी बंदूक, पहले से भरा था बारूद
मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उनके पिता पिछले लगभग 40 वर्षों से इस भरठुवा बंदूक को अपने पास रखे हुए थे। वह कभी-कभार जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे। उन्होंने बताया कि घटना के समय बंदूक में पहले से बारूद भरा हुआ था, जिसके कारण सफाई के दौरान अचानक फायर हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही अवैध हथियार रखने और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Tags - Palamu Accident Illegal Firearm Jharkhand Police