logo

पलामू में डिलीवरी बॉय की मौत, आधी रात के बाद पुलिस लाइन रोड पर हादसा

पलामू में डिलीवरी बॉय की मौत, आधी रात के बाद पुलिस लाइन रोड पर हादसा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन रोड पर सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना में ई-कॉमर्स कंपनी के एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 12 बजे के बाद हुआ। मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो निवासी विश्वनारायण के रूप में हुई है। वहीं, घायल डिलीवरी बॉय हमीदगंज निवासी विनीत कुमार हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, विश्वनारायण और विनीत कुमार बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन रोड पर सब्जी लदे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विश्वनारायण की मौके पर ही मौत हो गई। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। वहीं, विनीत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया गया है कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।


घायल को रिम्स रेफर, पिकअप जब्त

हादसे के बाद घायल विनीत कुमार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही पिकअप पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार बाइक चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करती है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक और घायल के परिजन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

Tags - Palamu Medininagar Road Accident Delivery Boy Jharkhand News