द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बटाने नदी में डूबे तीन दोस्तों में से एक और का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। तीनों दोस्त शनिवार शाम बटाने नदी में डूब गए थे। सभी बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे। शनिवार को ही राजेंद्र साव नाम के युवक को ग्रामीणों ने नदी से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद रविवार को दूसरे दोस्त रितिक का शव बटाने पुल के पास से बरामद हुआ था। वहीं, तीसरे दोस्त टेनी की तलाश जारी थी। सोमवार को हरिहरगंज के सियरभूंका इलाके में बटाने नदी से उसका शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान टेनी के रूप में हुई है।

NDRF की टीम ने नदी से निकाला शव
घटना के बाद पलामू पुलिस ने रविवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को पूरे मामले की जानकारी दी थी। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सियरभूंका इलाके में बटाने नदी में तलाशी अभियान चलाकर तीसरे दोस्त का शव बाहर निकाला। हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बटाने नदी से एक और शव बरामद किया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नहाने के दौरान तीनों दोस्त नदी में डूबे थे
बताया जा रहा है कि शनिवार को राजेंद्र साव, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने के लिए पलामू के हरिहरगंज स्थित बटाने नदी पहुंचे थे। तीनों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे थे और इसी दौरान वे डूब गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने राजेंद्र को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला था। पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। बाद में राजेंद्र की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल राजेंद्र की हालत स्थिर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद तीन दोस्तों के डूबने से उनके गांव और परिजनों में मातम का माहौल है।