पाकुड़:
पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब सात बजे सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पाकुड़ से अवैध मादक पदार्थ लेकर हिरणपुर में खरीद-बिक्री और सेवन के उद्देश्य से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क पर हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया।
.jpeg)
पैंट की जेब से बरामद हुआ ब्राउन शुगर
पूछताछ में दोनों की पहचान शिवा दत्ता, निवासी सुंदरपुर और मो. जियाउल अंसारी, निवासी कमलघाटी, थाना हिरणपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मो. जियाउल अंसारी की पैंट की जेब से काले प्लास्टिक में पैक करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
बाइक और अन्य सामान भी जब्त
पुलिस ने ब्राउन शुगर के अलावा बिना नंबर प्लेट की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक सिगरेट का डिब्बा और सिल्वर पेपर का एक टुकड़ा भी जब्त किया है। मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत धारा 21(A)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।