पाकुड़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा और राजस्व वसूली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पाकुड़ जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल सीमा से सटे चांदपुर एवं पत्थरघट्टा चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चांदपुर चेकपोस्ट पर दंडाधिकारी की उपस्थिति, कार्य अवधि, रजिस्टर संधारण, वाहनों की एंट्री, माइनिंग चालान की जांच तथा ओवरलोड खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। कर्मचारियों को सभी कार्य नियम संगत एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

सतर्कता बरतने के निर्देश
इसके बाद मालपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थरघट्टा चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया गया, जहां तैनात दंडाधिकारी एवं कर्मियों को नियमों के अनुसार कार्य करने और पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने रास्ते से गुजरने वाले वाहनों के निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र एवं ड्राइविंग लाइसेंस की सघन जांच की। साथ ही ओवरलोडिंग की स्थिति की भी बारीकी से समीक्षा की गई।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोटर वाहन अधिनियम 1988 एवं झारखंड मोटर वाहन नियमावली 2001 के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। बिना वैध कागजात या ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)
नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और कार्य में पूरी पारदर्शिता बनी रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों और चेकपोस्ट दंडाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दें और जनहित में जागरूक करें। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने सभी वाहन दस्तावेज अद्यतन रखें और निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर वाहन का संचालन न करें, अन्यथा नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से जिले में अवैध खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने की संभावना जताई जा रही है।