द फॉलोअप डेस्क:
पाकुड़ शहर के डीएवी स्कूल रोड (DAV School Road) पर सोमवार को बिजली ग्रिड के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो में सवार 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि टोटो चालक (Toto Chalak) के सिर पर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रैक्टर बिजली ग्रिड की चारदीवारी तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा घुसा। गनीमत रही कि उस समय ग्रिड के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

टक्कर से टोटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो सड़क के दूसरे किनारे जा गिरी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला और टोटो चालक को सदर अस्पताल, पाकुड़ पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान जीरमाला देवी, पति स्वर्गीय पारसनाथ भगत, निवासी छोटी अलीगंज, पाकुड़ शहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उनकी बायीं कॉलर बोन बुरी तरह टूट गई है।
बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर जब्त
जानकारी के मुताबिक, खाली ट्रैक्टर डीएवी स्कूल की दिशा में जा रहा था, जबकि टोटो पाकुड़ शहर की ओर आ रही थी। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उस पर कहीं भी नंबर अंकित नहीं पाया गया। सूचना मिलते ही पाकुड़ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर के साथ क्षतिग्रस्त टोटो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीएवी स्कूल रोड पर सभी प्रकार के वाहन काफी तेज गति से चलते हैं। इसी सड़क से स्कूली बच्चों समेत आम लोगों का भी पैदल आवागमन होता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।