logo

पाकुड़ में SIR-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 7.81 लाख मतदाताओं के नाम दर्ज

pakud_dc.jpg

पाकुड़ 
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत पाकुड़ जिले की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान व्यापक सत्यापन कार्य संपन्न

जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज ने बताया कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 7,81,740 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,86,534 पुरुष, 3,95,202 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इनमें से 12,171 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा एवं मतदान प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1,014 से बढ़ाकर 1,068 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गणना चरण के दौरान जिले के कुल 8,50,574 मतदाताओं में से 2,64,918 मतदाताओं का स्वयं (Mapped as Self) तथा 4,88,353 मतदाताओं का माता-पिता/वंशज (Mapped as Progeny) के माध्यम से सत्यापन किया गया। वहीं 28,469 मतदाता मैप नहीं हो सके। सत्यापन के दौरान 68,834 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा नहीं किया जा सका, जिनमें 20,139 मृत, 32,666 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 4,554 अनुपलब्ध/अनुपस्थित, 11,433 पहले से नामांकित तथा 42 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

विशेष शिविर एवं होम-टू-रोल सत्यापन अभियान

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नाम हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित आवेदन भी निर्धारित प्रपत्रों में स्वीकार किए जाएंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2026 को संबंधित पंचायत भवनों एवं शहरी वार्डों में ग्राम सभा एवं बैठकों का आयोजन कर मतदाता सूची के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की अपील

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील किया कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन या स्थानांतरण की आवश्यकता हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में सहभागिता से सुनिश्चित होती है। इसलिए कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक मतदाता हेल्पलाइन 1950, ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के अधिकृत पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।

Tags - Special Intensive Revision Election Commission of India pakud dc