पाकुड़
पाकुड़ जिले के महेशपुर मुख्यालय में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के सरकारी आवास में करीब 5.5 फीट लंबा जहरीला स्पेक्टेकल्ड कोबरा घुसने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, पालतू कुत्ते की सतर्कता से समय रहते खतरे का पता चल गया और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। 
देर रात SDPO घर में घुसा 5.5 फीट लंबा कोबरा
जानकारी के अनुसार, देर रात कोबरा मुख्य दरवाजे के रास्ते घर के अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान SDPO विजय कुमार के पालतू कुत्ते की नजर सांप पर पड़ी। कुत्ते ने लगातार भौंककर परिवार के सदस्यों को खतरे के प्रति सतर्क कर दिया। कुत्ते की इस सतर्कता के कारण समय रहते सभी लोग अलर्ट हो गए। घटना की सूचना तत्काल वन्यजीव रक्षक अशरफुल शेख को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी के साथ जहरीले कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया कोबरा
रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद आवास में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सांप काफी बड़ा और बेहद जहरीला था। अगर वह घर के अंदर पहुंच जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। वन्यजीव रक्षक अशरफुल शेख ने बताया कि स्पेक्टेकल्ड कोबरा रात के समय ज्यादा सक्रिय रहता है और भोजन की तलाश में कई बार रिहायशी इलाकों में पहुंच जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत विशेषज्ञों को सूचना दें।