logo

5 माह से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर भड़कीं पाकुड़ की सहिया दीदी, घेरा सिविल सर्जन का दफ्तर

ैदू3.jpg

द फॉलोअप डेस्क:
पांच महीनों से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज पाकुड़ प्रखंड की 100 से अधिक स्वास्थ्य सहियाओं ने को सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सहियाओं ने सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा से मुलाकात कर लंबित प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार पांच महीने से भुगतान नहीं मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।


कार्यालय कर्मी पर कमीशन मांगने का आरोप
सहियाओं ने मुलाकात के दौरान कार्यालय के एक कर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लंबित प्रोत्साहन राशि जारी करने के नाम पर उनसे कमीशन की मांग की जाती है। उन्होंने बताया कि एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर), गृह भ्रमण समेत अन्य नियमित स्वास्थ्य कार्यों का भुगतान भी महीनों से लंबित है। सहियाओं का कहना है कि जब तक उनकी पूरी बकाया राशि का भुगतान नहीं होगा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कार्रवाई नहीं होगी, उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।


एक सप्ताह में भुगतान का भरोसा, जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने सहियाओं को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर उनकी लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। वहीं कार्यालय कर्मी पर पैसे मांगने के आरोप को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायत पहले उनके संज्ञान में नहीं आई थी। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान फिगारुन निशा, सामियारा बीबी, शिरीन सुल्ताना, अर्चना घोष, सरोजिनी मरांडी, सुमन सोरेन, सामसुननेहार खातून सहित बड़ी संख्या में सहियाएं मौजूद रहीं।

Tags - Pakur Jharkhand HealthWorkers Protest IncentivePayment