पाकुड़
पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में हुई मां-बेटी की निर्मम हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और बरसाती भी बरामद कर ली है।
SIT ने 12 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 05 अगस्त की रात करीब 12 बजे लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झेनागड़िया में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या-45/26, दिनांक 06.08.2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद
SIT ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन, उम्र 28 वर्ष, पिता अफजल अंसारी उर्फ अफजल मोमिन, निवासी ग्राम झेनागड़िया, थाना लिट्टीपाड़ा, जिला पाकुड़, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, घटना के समय पहना गया खून से सना टी-शर्ट और बरसाती बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या-26/2020, दिनांक 19.05.2020 में धारा 341/342/324/326/307/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़।
पु.नि. अनिल कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी, पाकुड़ नगर।
पु.अ.नि. विवेक कुमार, थाना प्रभारी, लिट्टीपाड़ा।
पु.अ.नि. विनय कुमार, थाना प्रभारी, हिरणपुर।
पु.अ.नि. अनिल कुमार पंडित, लिट्टीपाड़ा थाना।
पु.अ.नि. मोतिलाल मिश्रा, लिट्टीपाड़ा थाना।
पु.अ.नि. सुकदेव साहा, तकनीकी शाखा।
स.अ.नि. मनोज कुमार मरांडी, लिट्टीपाड़ा थाना।
लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल।