logo

पाकुड़ पुलिस का बड़ा एक्शन; रंगदारी और चोरी कांड का खुलासा, 5 अपराधी गिरफ्तार

Screenshot_2026-05-21_200648.jpg

पाकुड़
पाकुड़ जिला पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन गंभीर मामलों का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरणपुर में फायरिंग, अमड़ापाड़ा में सड़क निर्माण कंपनी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और नगर थाना क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी के मामले में कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से अवैध देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, भारी मात्रा में चोरी का कॉपर केबल और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने साफ तौर पर संदेश दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ इस तरह का सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्टल और जिंदा गोली बरामद
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 19 मई 2026 को हिरणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी कालीचरण मंडल के साथ मारपीट एवं गोली चलाने की घटना हुई थी। मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या-27/26 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी दर्शन मंडल को भी गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल एवं एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दर्शन मंडल के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद हथियार को लेकर हिरणपुर थाना में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
50 लाख रंगदारी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, निर्माण कंपनी को बनाया था निशाना
इसी क्रम में अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 मई 2026 की रात अपराधियों द्वारा निर्माण कार्य में लगे वाहनों को रोककर भारतीय करेंसी के पुराने नोटों के नाम पर 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। इस संबंध में कंपनी प्रतिनिधि के आवेदन पर अमड़ापाड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी एवं तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चाँद हांसदा उर्फ चुटिया एवं चांस सोरेन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।नगर थाना पुलिस ने केबल चोरी मामले का किया खुलासा, कॉपर केबल और चाकू बरामद
वहीं नगर थाना क्षेत्र स्थित पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय से कॉपर केबल चोरी मामले का भी पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार्यालय परिसर से समरसेबल में उपयोग होने वाले कॉपर केबल चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद नगर थाना कांड संख्या-111/26 दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी हाबिब शेख उर्फ मुन्ना शेख को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लगभग 50 फीट कॉपर केबल एवं तार काटने में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा तथा आम लोगों की सुरक्षा एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
 

Tags - Pakur Police Crime Crackdown Criminals Arrested District Security Police Press Briefing