पाकुड़
पाकुड़ में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर गांव में पुलिस की विशेष टीम (SIT) ने छापेमारी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 30 पुड़िया ब्राउन शुगर, गीला ब्राउन शुगर, नकद रुपये समेत नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित SIT ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सत्तार शेख के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद नशे के सेवन करने वाले लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने मकान मालिक सत्तार शेख को पकड़ लिया। SDPO कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
एसपी के निर्देश पर बनी थी एसआईटी
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर गांव में सत्तार शेख नामक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के त्वरित सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया।
छापेमारी में मची भगदड़, रंगे हाथ पकड़ाया तस्कर
गठित टीम ने Magistrate की उपस्थिति में मनिरामपुर स्थित सत्तार शेख के घर पर दबिश दी। पुलिस टीम को घर के पास पहुंचते देख वहां नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे कुछ लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, एसआईटी ने तत्परता दिखाते हुए मकान मालिक सत्तार शेख (पिता- स्व. शमशेर शेख, ग्राम- मनिरामपुर) को धर दबोचा।
घर की तलाशी में मिले मादक पदार्थ और नकद
एसडीपीओ ने बताया कि दंडाधिकारी के सामने गिरफ्तार अभियुक्त के घर की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान प्लास्टिक के पाउच में रखी गई सूखी और गीली ब्राउन शुगर के साथ-साथ कई अन्य सामग्रियां बरामद की गईं।बरामद किए गए सामानों में ब्राउन शुगर - 06.00 ग्राम (30 पुड़िया),गीला ब्राउन शुगर - 24.00 ग्राम,नकद राशि - 2200/- रुपये,ब्राउन शुगर पीने के लिए काटकर बनाया गया विशेष पात्र,एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन,प्लास्टिक पाउच के 06 बंडल,VIVO कंपनी का एक स्मार्टफोन,एल्युमिनियम फॉयल का 01 बंडल बरामद किया जागया है। .jpeg)
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, दो अन्य की तलाश जारी ह
इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या- 104/2026 (दिनांक- 01.08.2026) के तहत धारा- 111 BNS एवं 21(a)/22(a) NDPS Act, 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त सत्तार शेख को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।एसडीपीओ ने बताया कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त दो अन्य अभियुक्त- बेलाल शेख और अब्दुल रऊफ (दोनों निवासी ग्राम-चांदपुर, थाना-शमशेरगंज, जिला-मुर्शिदाबाद) मौके से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।इस सफल अभियान में एसडीपीओ कुमार गौरव के अलावा मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंशु उपाध्याय, रामदुलार सिंह, गौरीशंकर प्रसाद, यशवंत कुशवाहा, सहायक अवर निरीक्षक शांति देवी, सुदामा साहा और मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।