द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स में भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के तहत सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर परिषद का यह चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं है, बल्कि यह पाकुड़ की दिशा और दशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में नगर परिषद में अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का हर कार्यकर्ता इस चुनाव को मिशन के रूप में लड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ तैनात रहेंगे और बूथ स्तर पर संगठन की ताकत के बल पर जीत सुनिश्चित की जाएगी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ से निकलती है। बूथ समितियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की संगठित मेहनत से भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा के पक्ष में एक-एक वोट सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीति और नीयत को जनता के सामने रखें तथा नगर परिषद में पूर्व में संपा साहा द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। सम्मेलन में मौजूद नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
