द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता पर महिला के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिवक्ता जोएल मुर्मू ने महिला के साथ संबंध बनाने के दौरान उसका वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब सात महीनों तक महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। बताया जाता है कि पीड़िता डर और सामाजिक बदनामी के कारण लंबे समय तक चुप रही। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच भी कराया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
